विकिपीडिया:पंचशील

मुक्त ज्ञानकोश विकिपीडिया से

विकिपीडिया के सारे नीति-नियमों का सार इन पांच स्तंभों में है, जो विकिपीडिया की मूल प्रकृति की परिभाषा देते हैं:

विकिपीडिया एक ऐसा ऑनलाइन ज्ञानकोश है जिसमें सामान्य ज्ञानकोशों, विषय-विशेष ज्ञानकोशों और ज्ञान-जन्तरियों सभी के तत्व समाए हुए हैं। हर लेख को हमारी सन्दर्भ-नीति का पालन करना होगा, जो यह अनिवार्य करती है कि तथ्यों को विश्वसनीय सन्दर्भों और स्रोतों के साथ साबित किया जाए। विकिपीडिया पर ऐसे किसी भी तथ्य को सम्मिलित करने पर पाबंदी है जिसका विकिपीडिया से भिन्न, स्वतन्त्र और विश्वसनीय स्रोत में उल्लेख न हो। ऐसी किसी भी सामग्री को विकिपीडिया में डालना वर्जित है जिसका मूल शोध लेखक ने स्वयं किया हो। विकिपीडिया हर संभव तथ्य और जानकारी का एकीकरण नहीं है। यह अपनी राय और भावनाओं को प्रकट करने का स्थान नहीं है। इसपर अपने बारे में लिखना वर्जित है। यह एक जनतंत्र नहीं है, शब्दकोश नहीं है, और अख़बार या पत्रिका नहीं है। इसमें स्रोत के लिए प्रयोग की गई सामग्री पूर्ण रूप से न डालें। बजाए इसके, पूरी सामग्री विकिपीडिया के साथी कोशों में डाली जा सकती है, जैसे कि विक्शनरी, विकीन्यूज़, और हिन्दी विकिसोर्स
 
विकिपीडिया का दृष्टिकोण निष्पक्ष है यानि हम ऐसे लेख लिखते हैं जो किसी विशेष पक्ष या दृष्टिकोण को सहयोग नहीं देते। कभी-कभी यह बहुपक्षीय सामग्री के साथ किया जाता है जिसमें हर महत्वपूर्ण पक्ष अपने उचित सन्दर्भ के साथ प्रस्तुत किया गया हो ताकि पाठक उसे समझ पाएँ। किसी भी पक्ष को "सत्य", "सही" या "उत्तम" ठहराना वर्जित है। इसका तात्पर्य है कि जहाँ संभव हो विश्वसनीय सन्दर्भ और स्रोत दिए जाने चाहिए, विशेषकर विवादित विषयों पर। अगर कोई खींचतान हो या मतभेद उभरता है, तो एक अंतराल के लिए लेख पर "विवादित" चिन्ह लगा कर सम्बंधित कार्यकर्ताओं को "शांत होने" का समय दिया जाएगा, जिसमें लेख के संवाद पृष्ठ पर बातचीत और तर्क-वितर्क के ज़रिये मामला हल किया जाएगा।
 
विकिपीडिया की सामग्री मुक्त है और इसे कोई भी बदल सकता है, और अन्य स्थानों पर इच्छानुसार बदल कर प्रयोग कर सकता है और बाँट सकता है। मुद्राधिकार क़ानूनों का सदैव पालन कीजिये और अपने स्रोतों को बिना श्रेय दिए उनकी सामग्री कभी चोरी मत कीजिये। मुद्राधिकार क़ानूनों के अंतर्गत कुछ अमुक्त सामग्री का सीमित न्यायोचित प्रयोग किया जा सकता है, लेकिन हर संभव प्रयत्न कीजिये कि केवल मुक्त सामग्री ही विकिपीडिया में प्रयोग करें। विकिपीडिया पर आपका सारा योगदान जनता के हर सदस्य को स्वतन्त्र रूप से दिया जाता है और किसी लेखक का किसी लेख पर नियंत्रण या स्वामित्व नहीं है। आपके लिखे गए लेखों को अन्य लेखक बिना रोकटोक या हिचकिचाहट के बदलेंगे और बांटेंगे। आपको इसी उम्मीद से अपना योगदान देना चाहिए।
 
हर लेखक को अन्य लेखकों के साथ शिष्टता और आदर के साथ व्यवहार करना चाहिए। अपने विकिसाथियों के साथ शान्त रहिये और उनसे नम्रता से बात करने की चेष्टा कीजिये, विशेषकर जब आपका उनसे मतभेद हो। विकिपीडिया सभ्याचार का पालन कीजिये और व्यक्तिगत स्तर पर लड़ाई मत कीजिये। दूसरों के साथ मिल कर आम सहमति हासिल करने का प्रयत्न कीजिये और बार-बार संपादन-पूर्ववतन के चक्रों वाली झडपों में मत पड़िए। तीन-पूर्ववतन नियम का पालन कीजिये। जहाँ तक संभव हो यह मान कर चलिए कि अन्य लेखक विकिपीडिया में सच्चे हृदय से योगदान देना चाहते हैं और उनकी नीयत पर संदेह मत कीजिये। कभी भी अपनी बात समझाने के प्रयास में विकिपीडिया पर अड़चनें मत खड़ी कीजिए। अगर आपका पारा किसी एक विशेष लेख को लेकर चढ़ रहा है तो याद रखिये कि हिन्दी विकिपीडिया पर 1,61,022 लेख हैं जिनपर सुधार और संवाद किया जा सकता है। अपनी ऊर्जा अच्छी जगह लगाइए। हिन्दी विकिपीडिया को नए लेखकों की बहुत आवश्यकता है। खुले दिल से उनका स्वागत कीजिये।
 
विकिपीडिया का कोई अन्य कड़ा नियम नहीं है। आत्मविश्वास और निडरता के साथ लेखों को सुधारें और नए लेख बनाएँ। लेख लिखने में माहिर होना एक अच्छा ध्येय ज़रूर है, लेकिन यह लेखकों के लिए बिलकुल अनिवार्य नहीं है। यह चिंता मन से निकाल दें कि आप कोई ग़लती कर बैठेंगे और आपके फेर-बदल से लेख ख़राब हो जाएगा। विकिपीडिया हर बदलाव की जानकारी सुरक्षित रखता है और ज़रुरत पड़ने पर किसी भी लेख को उसके पूर्व रूप में वापस लाया जाया जा सकता है। आप विकिपीडिया के किसी भी लेख को स्थाई रूप से चाह कर भी ख़राब नहीं कर सकते। लेकिन ध्यान रहे कि यहाँ जो आप लिखेंगे वह हमेशा के लिए दर्ज हो जाएगा और आपके विकिपीडिया नाम (या आई॰पी॰ पते) के साथ सम्बंधित हो जाएगा। शुभ नीयत रखें।

ध्यान दीजिये[संपादित करें]

यह पृष्ठ विकिपीडिया के बुनियादी नियमों की व्याख्या करता है, लेकिन ये नियम इस पृष्ठ द्वारा स्थापित नहीं हैं। विकिपीडिया इन नियमों के आधार पर बना है। यह सिद्धांत पहले से स्थापित थे और यह पृष्ठ बाद में आया। इस पृष्ठ पर फेर-बदल करने से ये नियम नहीं बदलते।