पंकज धीर (9 नवंबर 1956 – 15 अक्टूबर 2025) एक भारतीयअभिनेता थे, जो भारत में राष्ट्रीय चैनल दूरदर्शन पर प्रसारित होने वाले टीवी धारावाहिक महाभारत में अपने कर्ण के किरदार के लिए सबसे अधिक जाने जाते हैं। इसके अलावा उन्होंने बहुत सी फिल्मों और धारावाहिकों में काम किया और इनमे से कई चरित्र काफ़ी सराहे गए। भारतीय टीवी सीरियल युग में उनके द्वारा अली ख़ान का किरदार भी बहुत लोकप्रिय हुआ था। इनके द्वारा 1994 और 1996 के बीच डीडी नेशनल पर टेलीकास्ट किये गए एक अत्यंत पॉपुलर टीवी धारावाहिक चंद्रकांता में निभाये गए चरित्र शिव दत्त (चुनारगढ़ के राजा) को आज भी याद किया जाता है।
1988 में पंकज धीर ने बी. आर. चोपड़ा की एपिक टीवी सीरिज "महाभारत" में कर्ण की भूमिका निभाई। यह किरदार निभाने के बाद वे बेहद लोकप्रिय हुए। उनकी तस्वीरें कई स्कूल की पुस्तकों में कर्ण के रूप में छपने लगीं और करनाल व बस्तर के मंदिरों में उनकी मूर्तियाँ कर्ण के रूप में पूजी जाने लगीं। उन्होंने "ज़ी हॉरर शो" (1993) के पहले एपिसोड "दस्तक" में अर्चना पूरन सिंह के साथ मुख्य भूमिका निभाई। इसके अलावा, वे "कानून" नामक टीवी श्रृंखला में एक बचाव पक्ष के वकील के रूप में भी दिखाई दिए, जो अदालत से जुड़ी कहानियों पर आधारित थी। 2006 में, उन्होंने अपने भाई सतलुज धीर के साथ मिलकर "विज़ाज स्टूडियोज़" नामक शूटिंग स्टूडियो की स्थापना की।
2010 में, उन्होंने मुंबई में "अभिन्नय एक्टिंग एकेडमी" शुरू की, जिसमें अभिनेता गूफी पेंटल को मेंटर के रूप में दिखाया।