अफ़्रीकी सवाना हाथी

मुक्त ज्ञानकोश विकिपीडिया से

अफ़्रीकी सवाना हाथी
एक मादा अफ़्रीकी सवाना हाथी
वैज्ञानिक वर्गीकरण
अफ़्रीकी सवाना हाथी का निवास स्थान
  मूल निवास स्थान
  वैकल्पिक निवास स्थान
  विलुप्त निवास स्थान
  नये निवास स्थान

अफ़्रीकी सवाना हाथी (अंग्रेज़ी: African bush elephant; उच्चा.: अफ़्रीकन बुश एलिफैंट), (वैज्ञानिक नाम: लोक्सोडोंटा अफ़्रीकाना)[1] अफ़्रीकी हाथी के दो प्रजातियों में से एक है। यह संसार का सबसे बड़ा जीवित स्थलीय जानवर है।[2] इसके पैर से कंधे तक की ऊँचाई लगभग 3.96 मीटर और शरीर का वजन लगभग 10.4 टन तक होता है। यह मूल रूप से अफ़्रीका महादेश के 37 देशों में पाया जाता है। इसका निवास स्थान आमतौर पर जंगलों में, घास के मैदानों में एवं कृषि योग्य भूमि पर होता है।[3][4]

चारित्रिक विशेषता[संपादित करें]

अफ़्रीकी सवाना हाथी एक सामाजिक स्तनपायी जानवर है। यह गाय, भेड़िया आदि जानवरों की तरह झुंड में यात्रा करना पसंद करता है। यह एक शाकाहारी जानवर है, जो घास, लताओं, जड़ी-बूटियों, पत्तियों और छाल को भोजन के रूप में ग्रहण करता है। इस प्रजाति की मादा हाथियों में मासिक धर्म चक्र तीन से चार महीनों तक चलता है। ये मादा हाथी 22 महीनों तक गर्भवती रहती हैं, जो किसी भी स्तनपायी की सबसे लंबी गर्भधारण अवधि है।[5]

शारीरिक गठन[संपादित करें]

अफ़्रीकी सवाना हाथी की त्वचा सामान्यतः भूरे रंग की होती है। इसके शरीर पर बाल कम पाए जाते हैं। इसके कान काफ़ी बड़े होते हैं, जो इसके पूरे कंधे को ढक लेते हैं। इसके कान का आकार 2 मीटर × 1.5 मीटर (6 फीट 7 इंच × 4 फीट 11 इंच) तक हो सकता है। इसके कान नुकीले और त्रिकोणीय आकार के होते हैं। गर्मी के दिनों में हवा के प्रवाह को बनाए रखने के लिए यह अपने कानों को जोर से फड़फड़ाता है, इस प्रक्रिया के दौरान इसके शरीर की रक्त वाहिकाएँ उजागर हो जाती है जिससे गर्म मौसम के नकारात्मक प्रभाव इसके शरीर पर नहीं पड़ते। अतः इसके बड़े कान इसके शरीर की गर्मी को कम करने में भी मदद करते हैं। इसका पश्चकपाल तल आगे की ओर झुका हुआ होता है और इसका पिछला भाग अवतल आकार का होता है। इसके मजबूत दाँत बाहर की ओर मुड़े हुए और आगे की ओर निकले हुए होते हैं। इसकी लंबी सूंड दो अंगुलियों के समान नोक वाली होती है।[6][7][8][9]अफ़्रीकी सवाना हाथी की ऊँचाई 10 से 13 फीट (लगभग 3 से 4 मीटर) तक हो सकती है। इसका विशाल आकार इसे संसार का सबसे बड़ा जीवित स्थलीय जानवर बनाता है।[2]

आवास[संपादित करें]

अफ़्रीकी सवाना हाथी मूल रूप से उप-सहारा अफ़्रीका के युगांडा, केन्या, तंजानिया, बोत्सवाना, जिम्बाब्वे, नामीबिया, जाम्बिया और अंगोला में पाया जाता है। इस प्रजाति के हाथियों को विभिन्न प्रकार के आवासों के बीच घूमता हुआ देखा गया है। इनमें उपोष्णकटिबंध, समशीतोष्ण और शुष्क मौसम वाले वन, जल से भरे घास के मैदान, घने वन, आर्द्रभूमि आदि शामिल हैं। अफ़्रीकी सवाना हाथी को समुद्र तल से लेकर पर्वत के ढलान तक हर क्षेत्र में देखा जा सकता है। यह माली और नामीबिया के रेगिस्तानी और अर्ध-रेगिस्तानी इलाकों में भी पाया जाता है। इथोपिया में समुद्र तल से 2,500 मीटर (8,200 फीट) तक की ऊँचाई पर भी इन्हें देखा गया है।[4]

वर्तमान स्थिति[संपादित करें]

औद्योगीकरण के विकास के बाद से अफ़्रीकी सवाना हाथी के निवासस्थान में कमी दर्ज़ की गई है। इस कारण हाथी की यह विशाल प्रजाति विलुप्ति के कगार पर खड़ी है। इसके अलावा अंतर्राष्ट्रीय बाजार में इसके दाँतों की ख़ूब माँग होने के कारण लंबे समय से इसका अवैध शिकार भी किया जा रहा है। 2021 में इनकी संख्या में आई कमी को देखते हुए आईयूसीएन लाल सूची में इस प्रजाति को लुप्तप्राय जानवर के रूप में सूचीबद्ध किया गया है।[4]

इन्हें भी देखें[संपादित करें]

सन्दर्भ[संपादित करें]

  1. विल्सन, डॉन ई.; रीडर, डीएन एम. (2005). Mammal Species of the World: A Taxonomic and Geographic Reference [विश्व की स्तनपायी प्रजातियाँ: एक वर्गीकरण और भौगोलिक संदर्भ] (अंग्रेज़ी में). जे.एच.यू प्रेस. आई॰ऍस॰बी॰ऍन॰ 978-0-8018-8221-0. अभिगमन तिथि 24 जून 2023.
  2. "African savanna elephant vs the African forest elephant | Britannica" [अफ़्रीकी सवाना हाथी बनाम अफ़्रीकी वन हाथी]. www.britannica.com (अंग्रेज़ी में). अभिगमन तिथि 22 अगस्त 2023.
  3. "About Elephants" [हाथियों के बारे में]. web.archive.org. 18 मार्च 2009. मूल से 18 मार्च 2009 को पुरालेखित. अभिगमन तिथि 24 जून 2023.
  4. "African Savanna Elephant" [अफ़्रीकी सवाना हाथी]. iucnredlist.org. अभिगमन तिथि 31 अगस्त 2023.
  5. फोले, सी. ए. एच.; पेपेजोर्ज, एस.; वेसर, एस. के. (3 अगस्त 2001). "Noninvasive Stress and Reproductive Measures of Social and Ecological Pressures in Free-Ranging African Elephants" [स्वतंत्र अफ़्रीकी हाथियों में गैर-आक्रामक तनाव एवं प्रजनन सम्बन्धी सामाजिक व पारिस्थितिक दबाव]. संरक्षण जीवविज्ञान (अंग्रेज़ी में). पपृ॰ 1134–1142. डीओआइ:10.1046/j.1523-1739.2001.0150041134.x. अभिगमन तिथि 24 जून 2023.
  6. जार्डिन, डब्लू. (1836). "अफ़्रीका के हाथी". The Naturalist's Library [प्रकृतिवादी पुस्तकालय]. वी. पैकीडर्मटा या मोटी चमड़ी वाले चौपाय का प्राकृतिक इतिहास. एडिनबर्ग, लंदन, डबलिन: डब्लू.एच. लीज़र्स, सैमुअल हाईली, डब्लू. करी, जून और कंपनी. पपृ॰ 124–132.
  7. ईस्टेस, आर. डी. (1999). "लोक्सोडोंटा अफ़्रीकाना हाथी का परिवार, प्रोबोसीडिया क्रम". The Safari Companion: A Guide to Watching African Mammals Including Hoofed Mammals, Carnivores, and Primates [द सफ़ारी कंपेनियन: खुर वाले स्तनधारी, मांसाहारी और नरवानर सहित अफ़्रीकी स्तनधारियों को देखने के लिए एक मार्गदर्शक] (संशोधित एवं विस्तारित किया गया संस्करण). वरमोंट: चेल्सी ग्रीन पब्लिशिंग कंपनी. पपृ॰ 223–233. आई॰ऍस॰बी॰ऍन॰ 1-890132-44-6.
  8. शोषनी, जे. (1978). "General information on elephants with emphasis on tusks" [हाथियों के विषय में विशेष जानकारी, उनके दाँतों के जानकारी के साथ]. हाथी. 1 (2): 20–31. डीओआइ:10.22237/elephant/1491234053. मूल से 20 February 2020 को पुरालेखित. अभिगमन तिथि 11 June 2019.
  9. ग्रब, पी.; ग्रव्स, सी. पी.; डुडले, जे. पी.; शोषनी, जे. (2000). "Living African elephants belong to two species: Loxodonta africana (Blumenbach, 1797) and Loxodonta cyclotis (Matschie, 1900)" [जीवित अफ़्रीकी हाथियों की दो प्रजातियाँ: लोक्सोडोंटा अफ़्रीकाना और लोक्सोडोंटा साइक्लोटिस]. हाथी. 2 (4): 1–4. डीओआइ:10.22237/elephant/1521732169.