महानति

मुक्त ज्ञानकोश विकिपीडिया से

महानति (तेलुगु: మహానటి) वर्ष 2018 की तेलुगु भाषा की नाट्य फिल्म है। यह सावित्री के जीवन पर आधारित है जो कि एक अभिनेत्री थीं।[1] इसे नाग अश्विन द्वारा निर्देशित किया गया है। इसका निर्माण स्वप्ना सिनेमा के तहत प्रियंका दत्त द्वारा किया गया है। फिल्म में कीर्ति सुरेश ने सावित्री की भूमिका निभाई है। जबकि दुलकर सलमान (अपनी तेलुगु पहली फिल्म में) ने सावित्री के पति जेमिनी गणेशन की भूमिका निभाई है।[2]

फिल्म में सामन्था अक्किनेनी और विजय देवरकोंडा के साथ-साथ राजेंद्र प्रसाद, प्रकाश राज और भानुप्रिया भी हैं। यह सब सहायक भूमिकाओं में दिखाई देते हैं। नागा चैतन्य और मोहन बाबू अतिथि भूमिका में हैं। कथानक सावित्री के जीवन का अनुसरण करती है, जिसमें उनका बड़ी अभिनेत्री बनना, गणेशन के साथ विवाह और बाद में पतन को दर्शाया गया है। इस सबको एक पत्रकार और एक फोटोग्राफर के दृष्टिकोण से देखा जाता है, जिनको क्रमशः सामन्था और विजय द्वारा निभाया गया है।

महानति को कीर्ति के प्रदर्शन और अश्विन की पटकथा और निर्देशन के लिए आलोचनात्मक प्रशंसा मिली थी। ₹25 करोड़ के बजट वाली इस फिल्म ने दुनिया भर में ₹83 करोड़ की कमाई की। इस वजह से यह सबसे ज्यादा कमाई करने वाली दक्षिण भारतीय फिल्म बनी जिसमें मुख्य पात्र किसी महिला का है। फिल्म ने 66वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में तीन पुरस्कार जीते, तेलुगु में सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म, कीर्ति के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री और सर्वश्रेष्ठ पोशाक डिजाइन।[3]

सन्दर्भ[संपादित करें]

  1. "राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार: अंधाधुन बनी बेस्ट फिल्म, इन फिल्मों का रहा जलवा". indiawave.in. अभिगमन तिथि 30 जून 2023.
  2. "फिल्म महानति के विवाद के बीच रेखा और छह 'बहनों' की तस्वीर वायरल -". जागरण. अभिगमन तिथि 30 जून 2023.
  3. "बॉलीवुड की टॉप हीरोइन को पछाड़ 27 साल की इस एक्ट्रेस ने जीता नेशनल अवॉर्ड, एक खास वजह से है पॉपुलर". एशियानेट न्यूज़. अभिगमन तिथि 30 जून 2023.

बाहरी कड़ियाँ[संपादित करें]