जन्मदिन का केक

मुक्त ज्ञानकोश विकिपीडिया से
जन्मदिन का केक

जन्मदिन का केक किसी व्यक्ति के जन्मोत्सव के अवसर पर काटा जाने वाला एक विशेष प्रकार का व्यंजन/मिठाई होते हैं। इन्हें वर्तमान समय में जन्मदिन समारोह का एक प्रमुख हिस्सा माना जाता है हालाँकि जन्मदिन के केक के लिए कोई विशेष मानक नहीं है। ये आम तौर पर मक्खन या क्रीम से ढके हुए और अत्यधिक सजाए गए परत वाले केक होते हैं, जिनके ऊपर अक्सर जन्मदिन की शुभकामनाएँ और जिस व्यक्ति का जन्मोत्सव होता है, उसका नाम लिखा होता है। कई संस्कृतियों में और छोटे बच्चों के जन्मदिन के अवसर पर केक के ऊपर छोटी जलती हुई मोमबत्तियाँ रखी जाती है। जन्मदिन का केक कई प्रकार के हो सकते हैं, जैसे- कपकेक, केक पॉप, पेस्ट्री इत्यादि।[1][2]

इतिहास[संपादित करें]

19वीं सदी में जन्मदिन का केक

जन्मदिन का केक 19वीं शताब्दी के मध्य से पश्चिमी यूरोपीय देशों में जन्मदिन समारोह का एक प्रमुख हिस्सा रहा है। हालाँकि, केक और जन्मदिन समारोह के बीच का संबंध प्राचीन रोमन काल से ही देखा जा सकता है। शास्त्रीय रोमन संस्कृति में केक कभी-कभी विशेष जन्मदिनों और शादियों के अवसर पर परोसे जाते थें। उस समय ये आटे और मेवों से बने चपटे गोले की तरह होते थें, जिन्हें ख़मीर से फुलाया जाता था और शहद के ज़रिए मीठा किया जाता था। 15वीं शताब्दी में जर्मनी के केक निर्माताओं ने शादियों के केक के अलावा ग्राहकों के जन्मदिन के लिए भी केक का निर्माण करना शुरू किया। जर्मन लोग बच्चों के जन्मदिन को केक के साथ मनाते थें, इस उत्सव को किंडरफेस्ट कहा जाता था। 17वीं शताब्दी तक आते-आते जन्मदिन के केक ने अपने वर्तमान स्वरूप को प्राप्त कर लिया था हालांकि उस समय तक इनका मूल्य काफ़ी ज्यादा होने के कारण ये केक केवल बहुत अमीर लोगों के लिए ही उपलब्ध थें। 18वीं शताब्दी में हुए औद्योगिक क्रांति के कारण केक की सामग्रियों एवं वस्तुओं के प्रसार के कारण इनके मूल्य में गिरावट आई और परिणामस्वरूप जन्मदिन का केक निम्न वर्ग के लोगों के लिए भी सुलभ हो गए।[1][3][4][5][6][7][8]

जन्मदिन के मोमबत्तियों का इतिहास[संपादित करें]

जन्मदिन के केक पर मोमबत्तियाँ लगाने का इतिहास प्राचीन ग्रीस से शुरू होता है। प्राचीन ग्रीस में लोग चंद्रमा की देवी आर्टेमिस के सम्मान में गोल केक बनाते थें और फिर उस केक पर मोमबत्तियाँ लगाते थें। केक पर जलती हुई ये मोमबत्तियाँ चाँद की चमक का प्रतिनिधित्व करते थें और मोमबत्तियों से निकलने वाले धुएँ आकाश में रहने वाले देवताओं तक लोगों की प्रार्थनाओं और शुभकामनाओं को पहुँचाते थें। कुछ विद्वानों का मानना ​​है कि यह परंपरा वास्तव में जर्मनी में शुरू हुई, जहाँ "जीवन की रोशनी" का प्रतिनिधित्व करने के लिए केक पर एक मोमबत्ती रखी जाती थी। आज इन मोमबत्तियों की संख्या आम तौर पर जन्मदिन वाले व्यक्ति की उम्र को दर्शाती है। कई लोगों का मानना ​​है कि केक पर लगे सभी मोमबत्तियों को एक सांस में बुझाते समय एक मौन इच्छा अवश्य की जानी चाहिए। इच्छा किसी और को नहीं बतानी चाहिए अन्यथा वह पूरी नहीं होती।[1][9][5][10][11][12]

इन्हें भी देखें[संपादित करें]

सन्दर्भ[संपादित करें]

  1. "History of Birthday Cake,Origin of Birthday Cakes,Birthday Cake History". web.archive.org. 31 दिसम्बर 2019. मूल से पुरालेखित 31 दिसंबर 2019. अभिगमन तिथि 29 जून 2023.सीएस1 रखरखाव: BOT: original-url status unknown (link)
  2. "The Importance Of Cakes In Making Any Occasion Extra Special". Polar Puffs & Cakes. 9 नवम्बर 2021. अभिगमन तिथि 29 जून 2023.
  3. "The History of the Birthday Cake". Hankering for History. 16 जनवरी 2013. अभिगमन तिथि 29 जून 2023.
  4. "Birthday Cakes: History & Recipes – Online article with an extensive bibliography".
  5. Team, Proflowers (21 अप्रैल 2015). "The Origin of Birthday Cake and Candles". ProFlowers Blog. अभिगमन तिथि 29 जून 2023.
  6. "A Brief History of the Birthday Cake". Food & Wine (अंग्रेज़ी में). अभिगमन तिथि 29 जून 2023.
  7. "Why do we cut cake and blow candles on birthdays?". The Times of India. अभिगमन तिथि 29 जून 2023.
  8. "Why Do We Eat Birthday Cake?". Allrecipes (अंग्रेज़ी में). अभिगमन तिथि 29 जून 2023.
  9. "Birthday Candles,History of Birthday Candles,Birthday Cake Candles,Birthday Candle Traditions". web.archive.org. 31 दिसम्बर 2019. मूल से पुरालेखित 31 दिसंबर 2019. अभिगमन तिथि 29 जून 2023.सीएस1 रखरखाव: BOT: original-url status unknown (link)
  10. "The Sweet History of Birthday Cakes | The Sugar Association". www.sugar.org. अभिगमन तिथि 29 जून 2023.
  11. Zhang, Sarah (27 जुलाई 2017). "Blowing Out Birthday Candles Increases Cake Bacteria by 1,400 Percent". The Atlantic (अंग्रेज़ी में). अभिगमन तिथि 29 जून 2023.
  12. "Blowing out candles on a birthday cake has a disgusting side effect". The Independent (अंग्रेज़ी में). 31 जुलाई 2017. अभिगमन तिथि 29 जून 2023.