तोबा झील
तोबा झील इण्डोनेशिया के द्वीप सुमात्रा के उत्तर-मध्य में स्थित एक झील और एक महाज्वालामुखी है. यह झील १०० कि.मी. लम्बी और ३० कि.मी. चौड़ी है और इसकी अधिकतम गहराई ५०० मीटर है. तोबा झील इण्डोनेशिया की सबसे बड़ी झील है और विश्व की सबसे बड़ी ज्वालामुखीय झील भी है. ज्वालामुखीय झीलें वह झीलें होती हैं जो किसी जीवित या मृत ज्वालामुखी के मुंह में पानी भर जाने से बन जाती हैं. यह माना जाता है की आज से क़रीब ६९,००० से लेकर ७७,००० साल पहले इस ज्वालामुखी में विश्व का सबसे बड़ा ज्वालामुखीय विस्फोट हुआ.
यह अनुमान लगाया जाता है के इस विस्फोट के कारण विश्व में उस समय मौजूद अधिकतर मनुष्य मारे गए थे और मनुष्यजाति हमेशा के लिए नष्ट होने के बहुत क़रीब आ पहुंची थी. हिंद उपमहाद्वीप के पूरे क्षेत्र को इस विस्फोट से अत्यंत हानि हुई जिसमे इस क्षेत्र के सारे जंगल नष्ट हो गये. इस पूरे इलाक़े पर राख की मोटी परत फैल गयी जो आज भी सारे भारत और पाकिस्तान में ज़मीन के नीचे पायी जाती है.