सामग्री पर जाएँ

वज़ीर (शतरंज)

मुक्त ज्ञानकोश विकिपीडिया से

शतरंज के खेल में वज़ीर/मंत्री (♕, ♛) सबसे शक्तिशाली मोहरा है। यह गोटी हाथी और ऊँट की शक्तियों को मिलाकर आगे, पीछे, दाहिने, बाँए और तिरछे जिधर चाहे, उधर और जितने घर चाहे, उतने घर चल सकती है। प्रत्येक खिलाड़ी एक वज़ीर के साथ खेल शुरू करता है। इस गोटी को राजा के बग़ल में पहली क्षैतिज पंक्ति के बीच में रखते हैं। क्योंकि वज़ीर सबसे मज़बूत मोहरा है, इसलिए अधिकांश मामलों में पैदल को बोर्ड के दूसरे छोर के पहुँचने पर वज़ीर बना दिया जाता है।

वज़ीर पहले एक कमज़ोर मोहरा था जो सिर्फ़ एक घर आड़ा चल या मार सकता था, बिलकुल सासानी शतरंज के फ़रज़ी या चतुरंग के मंत्री के जैसा। आधुनिक वज़ीर ने 15वीं शताब्दी में स्पेन में अपनी शक्ति और आधुनिक चाल प्राप्त कीं। भारत में मंत्री, वज़ीर, फ़रज़ी और रानी में कोई अन्तर नहीँ लेकिन यूरोप में 15वीं शताब्दी से पहले वाली गोटी को फ़रज़ी कहते हैं (अँग्रेज़ी: fers) और इसके बाद वाली गोटी को रानी (अँग्रेज़ी: queen)।