हेग

मुक्त ज्ञानकोष विकिपीडिया से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

हेग (Hague) नीदरलैंड्स के पश्चिमी भाग में एम्सटर्डम के 30 मील दक्षिण पश्चिम में स्थित दक्षिणी हालैंड नामक प्रदेश की राजधानी है। यों तो एम्सटर्डम को राष्ट्रीय राजधानी होने का गौरव प्राप्त है फिर भी हेग की नीदरलैंड्स की वास्तविक राजधानी है क्योंकि संसद एवं राष्ट्राध्यक्ष का आवास यही है। यह यूरोप के सुंदर एवं आकर्षक नगरों में से एक है।

परिचय [संपादित करें]

1248 ई. में काउंट विलियम ने यहाँ आखेट के लिए एक किले का निर्माण कराया। इस किले के चारों ओर नगर का विकास हुआ है। किले की समीपवर्ती क्षेत्र को "विनेनहाफ" कहते हैं। यह नगर सुंदर भवनों एवं उद्यानों के लिए विख्यात है। रिडर जाल या "हाल ऑव नाइट्स" में प्रति वर्ष तीसरे मंगलवार को संसद का उद्घाटन करने महारानी पधारती हैं। यहाँ बहुत से संग्रहालय हैं जिनमें चित्रों एवं पांडुलिपियों का मीरमानी वेस्ट्रीनलेनम (Meermanno Westreenlanum) संग्रहालय महत्वपूर्ण है। ग्रोटेकेर्क एवं गोथिक गिरजाघर, ललितकला अकादमी, रायल पुस्तकालय एवं प्रासाद तथा पीस पैलेस दर्शनीय स्थल हैं। पीस पैलेस में हेग का स्थायी न्यायालय या अंतरराष्ट्रीय न्यायालय है। आधुनिक भवनों में शेल एवं के. एल. एम. भवन उल्लेखनीय हैं। शिक्षण संस्थाओं में अंतरराष्ट्रीय विद्यालय, अमरीकी विद्यालय, रायल संगीत संरक्षिका (Conservatory) अंतरराष्ट्रीय विधि अकादमी एवं समाजविज्ञान संस्थान हैं। वेस्टडुइन (617 एकड़) और ज्यूडरपार्क (210 एकड़) महत्व के हैं।

हेग, एम्सटर्डम, राटर्डम, यूट्रेच्ट एवं पेरिस से रेलमार्गों द्वारा जुड़ा हुआ है। एम्सटर्डम के पास में हवाईअड्डा है। यहाँ विद्युत् यंत्र, स्टोव, रसायन, मुद्रण यंत्र एवं रबर तथा विलासिता की वस्तुओं का निर्माण होता है। समीप में स्थित शेवेनिंगम एक विख्यात समुद्री स्थल है। विलियम तृतीय नामक इंग्लैंड का राजा यहीं पैदा हुआ था।

बाहरी कड़ियाँ [संपादित करें]