विज्डन क्रिकेटर्स अल्मनैक
' विज्डन क्रिकेटर्स अल्मनैक ' ( Wisden Cricketers Almanack ), जिसे अमूमन विज्डन के नाम से जाना जाता है , ब्रिटेन से सालाना प्रकाशित होने वाली क्रिकेट पत्रिका है | दुनिया की इस सर्वाधिक प्रतिष्ठित खेल पत्रिका को क्रिकेट की बाइबल का दर्जा प्राप्त है | वर्ष १८६४ में अंग्रेज क्रिकेटर जोंन विज्डन ने फ्रेड लिलीवाइट की ' द गाइड टू क्रिकेटर्स ' के जवाब में इसका प्रकाशन शुरू किया | यह दुनिया में सबसे लंबे समय से चल रही खेल पत्रिका है | इसे हर साल अप्रेल में इंग्लेंड का घरेलू क्रिकेट सीजन शुरू होने से पहले प्रकाशित किया जाता है | शुरुआत से लेकर अब तक इसका रंग -रूप व कलेवर काफी बदल चुका है | इसका पहला संस्करण ११२ पन्नो का था , वही आज इसमें १५०० से ज्यादा पन्ने होते है | पहले इसका कवर पीले , बादामी या हलके गुलाबी रंग का होता था , लेकिन वर्ष १९३८ में प्रकाशित इसके ७५ वें संस्करण के बाद से ही यह ब्राईट यलो कवर में आ रही है | इसी संस्करण से इसके फ्रंट कवर पर दो क्रिकेटरों की मशहूर काष्ठछवि का प्रकाशन शुरू हुआ | वर्ष २००३ से इसके कवर पृष्ठ पर किसी मौजूदा क्रिकेटर की तस्वीर प्रकाशित की जाने लगी है |