बड़ा मॅजलॅनिक बादल
बड़ा मॅजलॅनिक बादल (ब॰मॅ॰बा॰) एक बेढंगी आकाशगंगा है जो हमारी अपनी आकाशगंगा, क्षीरमार्ग, की उपग्रह है। यह पृथ्वी से क़रीब १६०,००० प्रकाश-वर्ष दूर है और क्षीरमार्ग से तीसरी सब से समीप वाली आकाशगंगा है। इसका कुल द्रव्यमान (मास) हमारे सूरज से लगभग १० अरब गुना है और इसका व्यास (डायामीटर) १४,००० प्रकाश-वर्ष है। तुलना के लिए क्षीरमार्ग का द्रव्यमान बड़े मॅजलॅनिक बादल से सौ गुना अधिक है और उसका व्यास १००,००० प्रकाश-वर्ष है। आसपास की ३० आकाशगंगाओं के स्थानीय समूह में ब॰मॅ॰बा॰ एण्ड्रोमेडा, क्षीरमार्ग और ट्राऐन्गुलम के बाद चौथी सब से बड़ी आकाशगंगा है।
अनुक्रम |
[संपादित करें] आकार
वैज्ञानिक मानते हैं के युगों पहले ब॰मॅ॰बा॰ एक डंडीय सर्पिल आकाशगंगा थी जिसे क्षीरमार्ग के ज़बरदस्त गुरुत्वाकर्षण के ज्वारभाटा बल ने बेढंगा बना डाला। ब॰मॅ॰बा॰ में अभी भी एक केन्द्रीय डंडा और एक भुजा है, लेकिन इनका आकार काफ़ी टेढ़ा-मेढ़ा हो गया है।
[संपादित करें] बनावट
अन्य बेढंगी आकाशगंगाओं की तरह ब॰मॅ॰बा॰ भी धूल और गैस से भरपूर है, और इसमें नए तारे बड़ी तादाद में जन्म ले रहे हैं। स्थानीय समूह का सब से सक्रीय तारे जन्मने का क्षेत्र, टरैन्ट्यूला निहारिका (नेब्युला) इसी आकाशगंगा में स्थित है।
[संपादित करें] अन्य भाषाओँ में
अंग्रेज़ी में "बड़े मॅजलॅनिक बादल" को "लार्ज मॅजलॅनिक क्लाउड" (Large Magellanic Cloud) कहते हैं।