स्वास्थ्य संबंधित कारणों से भूतपूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के त्यागपत्र देने के बाद, उपराष्ट्रपति चुनाव, समय से पहले, ९ सितम्बर २०२५ को हुआ था। भारतीय संविधान के अनुच्छेद ६७ में प्रावधान है कि भारत का उपराष्ट्रपति पाँच वर्षों की अवधि के लिए पद पर बना रहेगा। संविधान के अनुच्छेद ६८ के खंड २ के अनुसार, उपराष्ट्रपति के निधन, त्यागपत्र या पद से हटाए जाने या अन्य किसी कारण से होने वाली रिक्ति को भरने के लिए चुनाव, पद रिक्त होने के "यथाशीघ्र" आयोजित किया जाएगा। १९८७ के बाद से यह इस पद के लिए पहला समय पूर्व चुनाव है।
उपराष्ट्रपति का चुनाव एक निर्वाचक मंडल द्वारा किया जाता है, जिसमें राज्यसभा और लोकसभा के सदस्य सम्मिलित होते है। राज्यसभा के मनोनीत सदस्य भी निर्वाचन प्रकिया में मतदान करने के पात्र होते है। मतदान, गुप्त मतदान द्वारा हाता है। उम्मीदवार भारत का नागरिक होना चाहिए, कम से कम ३५ वर्ष का होना चाहिए, राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के योग्य होना चाहिए, और किसी भी लाभ के पद पर नहीं होना चाहिए।
भारतीय उपराष्ट्रपति चुनाव का कार्यक्रम, राष्ट्रपति एवं उपराष्ट्रपति चुनाव अधिनियम १९५२ के धारा (४) की उपधारा (१) के अंतर्गत, भारत के चुनाव आयोग द्वारा घोषित किया जाता है; ऐसा १ अगस्त को किया गया। मतदान ९ सितम्बर को सुबह १० बजे से शाम ५ बजे के बीच, संसद भवन, नई दिल्ली के प्रथम तल पर कमरा संख्या एफ-१०१ वसुधा में होगा।