हाई फ़ाइव इण्टरचेंज

मुक्त ज्ञानकोश विकिपीडिया से
डैलस का हाई फ़ाइव इण्टरचेंज

हाई फ़ाइव इण्टरचेंज (High Five Interchange) डैलस, टेक्सास, संयुक्त राज्य अमेरिका में बना एक पाँच-स्तरीय अन्तर मार्ग-परिवर्तक (इण्टरचेंज) है जिसका निर्माण एच॰एन॰टी॰बी निगम द्वारा किया गया था। यह इण्टरचेंज लिण्डन बी. जॉनसन फ़्रीवे को केन्द्रीय एक्सप्रेसवे से जोड़ता है। हाई फ़ाइव डैलस का पहला पाँच-स्तरीय स्टैक इण्टरचेंज है[1] और यह २६.१ करोड़ $[2] की लागत से तैयार हुआ था। परियोजना २००२ में आरम्भ हुई और दिसम्बर २००५ में पूरी कर ली गई।[2]

तकनीकी बातें[संपादित करें]

इस इण्टरचेंज में कुल ३७ पुल हैं जो पाँच स्तरों में बँटे हुए हैं और इसलिए इसे "हाई फ़ाइव" नाम दिया गया है। इनमे सबसे ऊँचा पुल भूमि से ३७ मीटर की ऊँचाई पर है। हाई फ़ाइव में लगभग ९६ लेन-किलोमीटर हैं और यह उत्तर से दक्षिण में ३.९ किमी और पूर्व से पश्चिम में ५.५ किमी फैला हुआ है।[1] इस इण्टरचेंज के निर्माण के लिए ६० महीनों या पाँच वर्ष का समय निर्धारित किया गया था लेकिन इसे तय समय से १३ महीने पूर्व पूरा कर लिया गया।[1] चार वर्षों के निर्माण के दौरान इसमें कुल मिलाकर २२ लाख घन यार्ड मिट्टी, ३.५ लाख घन यार्ड कांक्रीट, ३ लाख वर्ग फुट प्रतिधारण दीवारें, ७४ हज़ार रैखिक फ़ीट (लगभग २२ हज़ार किमी) लम्बी जलनिकासी पाइपें लगीं।[1] इसमें कुल मिलाकर २३ लाख वर्ग फ़ुट का पुलीय डेक है।[1]

पुरस्कार[संपादित करें]

२००६ में अमेरिकी लोक निर्माण संघ ने हाई फ़ाइव को "वर्ष की श्रेष्ठ सार्वजनिक कार्य परियोजना" चुना।[1]

सन्दर्भ[संपादित करें]

  1. Dallas High Five Interchange Honored as Public Works Project of the Year Archived 2012-02-22 at the वेबैक मशीन। अभिगमन १६ फ़रवरी २००९।
  2. TxDOT History, Present to 2001 Archived 2011-02-20 at the वेबैक मशीनटेक्सास का परिवहन विभाग। अभिगमन ११ अगस्त २००६

बाहरी कडियाँ[संपादित करें]