सूली पर चढ़ाना

सूली पर चढ़ाना पुराने समय में अपराधियों को मौत की सजा देने का बहुत क्रूर और दर्दनाक तरीका होता था। इसमे दोषी व्यक्ति को लकड़ी के क्रॉस या खंभे पर कीलों से ठोककर या बांधकर सार्वजनिक रूप से तब तक लटकाए रखा जाता था जब तक उसकी मृत्यु न हो जाए।[1] इसका इस्तेमाल खास तौर पर रोमन साम्राज्य और उसके आसपास के इलाकों में किया जाता था। ईसा मसीह (जीसस क्राइस्ट) को भी इसी तरीके से मृत्युदंड दिया गया था। उसके बाद में यह घटना दुनिया के इतिहास और ईसाई संस्कृति का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन गई।
इतिहास
[संपादित करें]इतिहासकारो का कहना है कि इसकी शुरुआत असीरियाई,बेबीलोनियाई और फ़ारसी लोगों ने की थी।[2] बाद में इसका उपयोग रोमन लोगो ने विशेष रूप से दासों, विद्रोहियों और गंभीर अपराधों के दोषियों को सजा देने के लिए किया था। यह केवल मौत की सजा नहीं थी, बल्कि अपराधियों को तड़पाने और समाज में डर पैदा करने का एक जरिया था।[3]
रोमन सम्राट कॉन्सटेंटाइन ने चौथी शताब्दी की शुरुआत में ईसाई धर्म अपनाने के बाद रोमन साम्राज्य में सूली चढ़ाने की अमानवीय सजा को बंद कर दिया था।[4]
सूली पर चढ़ाने का तरीका
[संपादित करें]सूली पर चढ़ाने से पहले व्यक्ति को बुरी तरह मारा-पीटा जाता था और कोड़ों से लहूलुहान कर दिया जाता था। फिर उसे उस जगह ले जाते थे जहाँ सूली गड़ी होती थी। वहाँ उसके हाथ-पैर या कलाइयों को रस्सियों से बाँध दिया जाता था या फिर कीलों से लकड़ी पर ठोक दिया जाता था। इसके बाद उसे उसी लकड़ी के खंभे पर लटका देते थे। पूरा शरीर सिर्फ हाथों और पैरों के सहारे लटकता रहता था, जिससे उसे बहुत ही भयानक दर्द और तड़प झेलनी पड़ती थी।[5]
मौत का कारण
[संपादित करें]सूली पर लटकाए गए व्यक्ति की मौत तुरंत नहीं होती थी। इसमें कुछ घंटों से लेकर कुछ दिनों तक का समय लगता था। सूली पर लटकाए गए व्यक्ति की मौत दम घुटने,हृदय गति रुकने के वजह से होती थी।
सन्दर्भ
[संपादित करें]- ↑ "गुड फ़्राइडे: सूली पर चढ़ाने की सज़ा कहां और कैसे शुरू हुई". BBC News हिंदी. अभिगमन तिथि: 14 सितम्बर 2026.
- ↑ Retief, F. P.; Cilliers, L. (दिसम्बर 2003). "The history and pathology of crucifixion". South African Medical Journal = Suid-Afrikaanse Tydskrif Vir Geneeskunde. pp. 938–941.
- ↑ Dospěl, Marek (16 अप्रैल 2026). "How Was Jesus Crucified". Biblical Archaeology Society (अंग्रेज़ी भाषा में). अभिगमन तिथि: 14 सितम्बर 2026.
- ↑ "Readings - History Of The Death Penalty | The Execution". FRONTLINE | PBS | Official Site | Documentary Series (अंग्रेज़ी भाषा में).
- ↑ Staff, B. A. S. (6 जनवरी 2026). "A Tomb in Jerusalem Reveals the History of Crucifixion and Roman Crucifixion Methods". Biblical Archaeology Society (अंग्रेज़ी भाषा में).