सदस्य:Anoushka jain21/प्रयोगपृष्ठ

मुक्त ज्ञानकोश विकिपीडिया से
अदिति अशोक
व्यक्तिगत जानकारी
राष्ट्रीयता भारतीय
जन्म 29 मार्च 1998
निवास बेंगलुरु
कद 1.73 m (5 ft 8 in)
खेल
खेल गोल्फ

अदिति अशोक (जन्म 29 मार्च 1998) एक पेशेवर भारतीय गोल्फर हैं। 18 वर्ष की उम्र में अदिति ने 2016 के ओलंपिक खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। अदिति 2016 के रियो ओलंपिक में भाग लेने वाली एकमात्र भारतीय गोल्फर थीं।[1]

अदिति यूरोपियन टूर जीतने वाली पहली भारतीय महिला भी हैं। अदिति ने 2016 में यूरोपियन टूर जीता था, तब इस टूर्नामेंट में 114 देशों की महिला गोल्फ खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। इसी वर्ष (2016) की पहली तारीख़ को अदिति ने पेशेवर गोल्फ खेलना शुरू किया था।[2]

भारतीय महिलाओं ने पहली बार पेशेवर गोल्फ टूर्नामेंट में तब भाग लिया जब दिल्ली में 2006 में पहली बार पेशेवर गोल्फ टूर्नामेंट आयोजित किया गया।[3]

प्राथमिक जीवन[संपादित करें]

बेंगलुरु के मध्यम वर्गीय परिवार में जन्मीं अदिति अशोक छह वर्ष की उम्र में ही कर्नाटक गोल्फ एसोसिएशन के गोल्फ कोर्स में अभ्यास करने लगी थीं। गोल्फ कोर्स वे अपने पिता के साथ जाती थीं. उनके पिता अशोक पंडित ही उनके कैडी हैं।[4]

अदिति ने फ्रैंक एंथनी पब्लिक स्कूल में पढ़ाई करते हुए स्थानीय टूर्नामेंट में भाग लेना शुरू कर दिया था।

उन्हें लेपल पिन एकत्र करने का शौक है।[5]

सत्तर से नब्बे के दशक तक गोल्फ की दुनिया में ख्याति प्राप्त और वर्ल्ड नंबर-1 रहे स्पेन के सेव बैलेस्टरोस अदिति अशोक के पसंदीदा गोल्फर हैं वहीं ब्रिटेन के सेंट एंड्रयूज स्थित ‘होम ऑफ़ गोल्फ’ कहा जाने वाला ओल्ड कोर्स उनका पसंदीदा गोल्फ कोर्स है।[6]

व्यावसायिक जीवन[संपादित करें]

अदिति अशोक को अपनी पहली जीत राज्य स्तरीय ट्रॉफी- कर्नाटक जूनियर और साउथ इंडियन जूनियर प्रतियोगिता में 2011 में मिली तब वे 13 वर्ष की थीं। इसी वर्ष वे नेशनल एमेचर टूर्नामेंट में शामिल हुईं और जीत भी हासिल की।

अगले तीन वर्ष यानी 2012, 2013 और 2014 में अदिति अशोक ने लगातार राष्ट्रीय जूनियर चैंपियनशिप जीती और हैट्रिक बनाई। 2014 में अदिति ने जूनियर और सीनियर, दोनों खिताब जीते।

2013 एशियन यूथ गेम्स, 2014 यूथ ओलंपिक और 2014 एशियन गेम्स खेलने वाली अदिति अकेली भारतीय गोल्फर हैं।

2015 में अदिति ने ब्रिटिश एमेचर स्ट्रोक प्ले चैंपियनशिप में भाग लिया।

जब अगस्त 2016 में अदिति ने ओलंपिक खेलों में भाग लिया तब उनकी उम्र 18 साल थी। इसके साथ अदिति ओलंपिक खेलों की सबसे कम उम्र की (महिला-पुरुष) गोल्फ खिलाड़ी बन गईं। साथ ही अदिति किसी भी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में भाग लेने वालीं पहली महिला गोल्फर भी बनीं।[7][8]

उसी वर्ष अदिति अशोक ने महिला यूरोपियन गोल्फ टूर (लेडीज़ यूरोपियन टूर यानी एलईटी) का खिताब भी अपने नाम किया। यह जीत उन्होंने महिला इंडियन ओपन के घरेलू टूर्नामेंट में हासिल की।[9]

इसके बाद अदिति अशोक ने क़तर लेडिज़ ओपन को जीतने के साथ ही एलईटी रूकी ऑफ़ द ईयर हासिल किया। 2017 के अमेरिकन टूर में वे एलपीजीए (द लेडिज़ प्रोफ़ेशनल गोल्फ़ एसोसिएशन) टूर कार्ड हासिल करने वाली पहली भारतीय महिला भी बनीं।[10]

2018 में अशोक ने 24 टूर्नामेंट खेले जबकि 2019 में 22। इनमें वे वॉलंटियर्स ऑफ़ अमेरिका एलपीजीए टेक्सस क्लासिक समेत दो बार टॉप-10 में रहीं।[11]

सन्दर्भ[संपादित करें]

  1. "Aditi Ashok Biography, Olympic Medals, Records and Age". Olympic Channel. अभिगमन तिथि 2021-02-17.
  2. "18 की उम्र में कामयाबी जिसके कदम चूमती है". BBC News हिंदी. अभिगमन तिथि 2021-02-17.
  3. "18 की उम्र में कामयाबी जिसके कदम चूमती है". BBC News हिंदी. अभिगमन तिथि 2021-02-17.
  4. "Olympics 2016: 5 Things To Know About Indian Golfer Aditi Ashok". Golf (अंग्रेज़ी में). अभिगमन तिथि 2021-02-17.
  5. "Bio | LPGA | Ladies Professional Golf Association". LPGA. अभिगमन तिथि 2021-02-17.
  6. "Olympics 2016: 5 Things To Know About Indian Golfer Aditi Ashok". Golf (अंग्रेज़ी में). अभिगमन तिथि 2021-02-17.
  7. "18 की उम्र में कामयाबी जिसके कदम चूमती है". BBC News हिंदी. अभिगमन तिथि 2021-02-17.
  8. "Aditi Ashok Biography, Olympic Medals, Records and Age". Olympic Channel. अभिगमन तिथि 2021-02-17.
  9. "Aditi Ashok Biography, Olympic Medals, Records and Age". Olympic Channel. अभिगमन तिथि 2021-02-17.
  10. "India's women golfers start to make presence felt". Olympic Channel. अभिगमन तिथि 2021-02-17.
  11. "Bio | LPGA | Ladies Professional Golf Association". LPGA. अभिगमन तिथि 2021-02-17.