श्वेत कोट

श्वेत कोट या सफ़ेद कोट (जिसे प्रयोगशाला कोट या लैब कोट भी कहा जाता है) चिकित्सा क्षेत्र के पेशेवरों या प्रयोगशाला कार्य में संलग्न लोगों द्वारा पहना जाने वाला घुटने तक लंबा ओवरकोट या स्मॉक होता है। यह कोट उनके सामान्य वस्त्रों की सुरक्षा करता है और एक सरल वर्दी का कार्य भी करता है। यह सफेद या हल्के रंग के सूती, लिनेन या सूती-पॉलिएस्टर मिश्रण से बनाया जाता है, जिससे इसे उच्च तापमान पर धोया जा सकता है और इसकी स्वच्छता आसानी से जाँची जा सकती है।
अर्जेंटीना व उरुग्वे में यह कोट शिक्षा का प्रतीक है – राजकीय विद्यालयों में छात्र और शिक्षक दोनों इसे पहनते हैं। तूनिसीया व मोज़ाम्बिक में शिक्षक चॉक धूल से अपने वस्त्रों को बचाने के लिए श्वेत कोट पहनते हैं।
"सूट" शब्द की तरह ही "श्वेत कोट" कभी-कभी पहनने वाले व्यक्ति के लिए प्रतीक के रूप में प्रयुक्त होता है, जैसे किसी उच्च-तकनीक कंपनी में कार्यरत वैज्ञानिक को दर्शाने के लिए।