विकिपीडिया:बॉट लेख निर्माण नीति

मुक्त ज्ञानकोश विकिपीडिया से

बॉट द्वारा स्वचालित या अर्ध-स्वचालित तरीकों से लेख बनाने से उनमें काफी कमियाँ होती हैं और किसी सदस्य के द्वारा लिखे गए लेख की तुलना में ऐसे लेखों में बहुत ही कम जानकारी उपलब्ध रहती है। इसके अलावा यदि किसी लेख में कोई कमी रह जाये तो उस कमी को देख पाना भी काफी मुश्किल हो जाता है। इस कारण इस तरह के लेखों के लिए कुछ अनिवार्य मापदंडों को रखा गया है, जिससे बॉट द्वारा बनाए गए सभी लेखों में कोई कमी न रहे। यह नीति स्वचालित या अर्ध-स्वचालित तरीकों से लेख बनाने वाले सभी सदस्यों पर लागू होगी।

  1. लेख का आकार कम से कम 2,000 बाइट्स का होना चाहिए।
  2. लेख विकिडाटा कड़ी से जुड़ा होना चाहिए या उसकी कड़ी होनी चाहिए।
  3. लेख में कम से कम दो सन्दर्भ होने चाहिए।
  4. एक बार में मात्र 100 ही लेख बनाए जा सकते हैं।
  5. बॉट से लेख बनाने से पूर्व, उसके लिए आम सहमति अनिवार्य है।
  6. उपरोक्त नियमों के अनुसार न चलने वाले बॉट या सदस्य खाते को बिना किसी पूर्व चेतावनी के भी अवरोधित किया जा सकता है।

आकार[संपादित करें]

सामान्यतः बॉट से बनाए लेखों का आकार काफी कम होता है, और पर्याप्त जानकारी भी नहीं होती है। कई सारी विकि प्रतियोगिताओं में 3,500 से 4,000 बाइट्स तक के आकार निम्नतम आकार की सीमा बताई जाती है और यूनिकोड में होने के कारण उतनी जानकारी में ही आकार काफी बढ़ जाता है। बॉट द्वारा बहुत ही छोटा लेख न बने, इस कारण बॉट द्वारा बनाए लेखों का आकार कम से कम 2,000 बाइट्स होना ही चाहिए।

विकिडाटा कड़ी[संपादित करें]

हिन्दी विकि में सामान्यतः अंग्रेजी विकिपीडिया से लेखों को अनुवाद कर के बनाया जाता है, पर यदि कोई उस विषय पर बॉट से बिना विकिडाटा से जोड़े ही लेख बना दे तो कोई अन्य सदस्य जो अंग्रेजी विकि से अनुवाद कर के लेख बना रहा होगा, उसे उस लेख के बारे में पता नहीं चलेगा और इस स्थिति में एक से अधिक लेख बन सकते हैं। विकिडाटा से जोड़ने का एक लाभ ये भी होता है कि इससे कोई भी अंग्रेजी विकि से होते हुए हिन्दी विकि में लेख पढ़ने आ सकता है।

विकिडाटा से सीधे लेख को जोड़ने के लिए विकिडाटा प्रकल्प में भी बॉट अधिकार लगता है और वहाँ बॉट अधिकार प्राप्त न हो तो भी आप विकिडाटा से जोड़ने हेतु कड़ी जोड़ सकते हैं। इसके लिए आपको मात्र [[en:अंग्रेजी विकि में लेख का नाम]] को लेख बनते समय लेख के नीचे जोड़ना है, इसे जोड़ने के बाद कोई भी बॉट उसे विकिडाटा से जोड़ देगा। यदि लेख अंग्रेजी विकि में उपलब्ध न हो तो ही इसे बिना जोड़े लेख बनाया जा सकता है।

संख्या[संपादित करें]

कई बार अच्छी तरह ध्यान देने के बाद भी बॉट द्वारा लेखों को बनाते समय कुछ न कुछ त्रुटि या कमी रह जाती है। यदि एक बार में बॉट द्वारा हजारों लेख बन जाये तो उनका निरीक्षण करना काफी कठिन हो जाता है, और ऐसी स्थिति में लेखों का निरीक्षण न होने पर उसमें कोई त्रुटि या कमी हमेशा के लिए रह सकती है। इस तरह की कमी या त्रुटि न हो और सभी लेखों का निरीक्षण किया जा सके, इस कारण एक बार में अधिकतम 100 लेख बनाने की ही अनुमति रखी गई है। एक बार 100 लेखों का कोई अन्य सदस्य अच्छी तरह निरीक्षण करने के बाद ही आगे लेख बनाया जा सकता है।

सहमति[संपादित करें]

सभी सदस्यों को चाहे उनके पास प्रबन्धक या अन्य कोई भी अधिकार क्यों न हो, सभी को इसके लिए सहमति लेनी अनिवार्य है। किसी विषय पर बोट द्वारा लेखों के निर्माण से पूर्व उसकी सामग्री और कितने पन्ने बनेंगे आदि की जानकारी के साथ चर्चा के बाद सहमति मिलने के बाद ही लेखों का निर्माण किया जा सकता है। बिना पूर्व चर्चा और अनुमति के लेखों का निर्माण करने पर उस खाते को अवरोधित किया जा सकता है और उन लेखों को चर्चा के बाद हटाया भी जा सकता है।

अवरोध[संपादित करें]

ऊपर दिये गए किसी भी नियम का पालन न करने पर बॉट खाते को तत्काल अवरोधित किया जा सकता है। इस तरह के स्वचालित या अर्ध-स्वचालित लेखों का निर्माण कोई अपने मुख्य खाते से करे और इन नियमों का पालन न करे, तो उसे भी बिना किसी चेतावनी के भी अवरोधित किया जा सकता है। जिससे और ढेर सारे लेख न बन सकें। कृपया इसका भी ध्यान रखें कि बिना बॉट अधिकार वाले खाते से स्वचालित या अर्ध-स्वचालित सम्पादन करने पर हाल में हुए बदलाव पृष्ठ में केवल वही बदलाव दिखने लगते हैं, ऐसी स्थिति में भी उस तरह के बदलावों को रोकने हेतु उन खातों को अवरोधित किया जाता है। ऐसे सदस्य खाते को शुरू में तीन दिन, फिर करने पर एक सप्ताह और उसके बाद भी करने पर हमेशा के लिए अवरोधित किया जा सकता है। बॉट खातों को सीधे ही हमेशा के लिये अवरोधित किया जाएगा और चर्चा के बाद किसी बॉट कार्य हेतु अनुमति प्राप्त होने के पश्चात अवरोध हटा लिया जाएगा।