लुई अट्ठारहवाँ

मुक्त ज्ञानकोश विकिपीडिया से

अठारहवाँ लुई (Louis XVIII ; १८१४-१८२४) फ्रांस का शासक था जिसने राजा के रूप में १८१४ से १८२४ तक शासन किया (सन् १८१५ में कुछ अवधि को छोड़कर)।

परिचय[संपादित करें]

सोलहवें लुई का पुत्र (सत्रहवाँ लुई) जेल में मरा था। १७९३ से १८१४ तक फ्रांस में पहले क्रांतिकारी सरकार और फिर नेपोलियन बोनापार्ट का राज्य रहा। नेपोलियन के पतन के उपरांत सोलहवें लुई का भाई 'काउंट ऑव प्रोवेंस' अठारहवें लुई के नाम से फ्रांस के सिंहासन पर बैठा।

अठारहवें लुई का जन्म १७ नवम्बर १७५५ को हुआ था। क्रांति और नेपोलियन के समय वह देश देश भटकता रहा था और उसे 'प्रवासी राजकुमार' (Wandering Prince) कहते थे। लौटकर उसने यूरोप के मित्र देशों की सहायता से (जो नेपोलियन के विरुद्ध रहे थे) ३ मई १८१४ को अपने वंश के सफेद झंडे के साथ पेरिस में प्रवेश किया। ४ जून को वह राजा घोषित किया गया। समय की परिस्थिति के अनुसार उसने देशवासियों को एक संविधान दिया। जब नेपोलियन एल्बा से भागकर फ्रांस लौटा तो अठारहवाँ लुई पेरिस छोड़कर भाग गया। वाटरलू के युद्ध के बाद वह फिर पेरिस लौटा और राज्य करने लगा। दस वर्ष राज्य करने के बाद १६ सितंबर १८२४ को लुई की मृत्यु पेरिस में हो गई।