सामग्री पर जाएँ

टेलीनोवेला

मुक्त ज्ञानकोश विकिपीडिया से

टेलीनोवेला (अंग्रेज़ी: Telenovela) एक प्रकार का टेलीविज़न टेलीविज़न धारावाहिक या सोप ओपेरा है। इन धारावाहिकों का निर्माण मुख्य रूप से लैटिन अमेरिका में किया जाता है।[1] यह शब्द टेलि (टेलीविज़न) और नोवेला (नॉवेल या उपन्यास) को मिलाकर बना है। दुनिया भर में इसी तरह की नाटक शैली में मुसलसला (अरब देश), दिज़ी (तुर्की), सीरियल (भारत), टेलीसेरी (फिलीपींस), लाकोर्न (थाईलैंड), के-ड्रामा (दक्षिण कोरिया), दोरामा (जापान) और सी-ड्रामा (चीन) इत्यादि शामिल हैं।

आम तौर पर टेलीनोवेला को अमेरिकी बोलचाल में स्पैनिश सोप ओपेरा भी कहा जाता है। टेलीनोवेला और अमेरिकी सोप ओपेरा में कुछ शैलीगत और विषय-वस्तु की समानताएँ होती हैं। इनमें मुख्य अंतर इनकी शृंखला की अवधि का होता है। टेलीनोवेला में एक पूरी कहानी आमतौर पर एक साल या उससे कम समय में खत्म हो जाती है। इसके विपरीत सोप ओपेरा में कई कहानियाँ आपस में जुड़ी होती हैं और वे लंबे समय तक चलती रहती हैं।[2] प्रसारण समय तय होने के कारण, आम सोप ओपेरा की तुलना में टेलीनोवेला में अतिनाटक तेज़ी से और कम शब्दों में दिखाया जाता है।[3]

ब्राज़ील को टेलीनोवेला शैली का जनक माना जाता है। वर्ष 1951 में ब्राज़ील ने दुनिया का पहला टेलीनोवेला सुआ विदा मे पर्टेन्से बनाया। वर्ष 1952 में, क्यूबा ने सेन्डेरोस डे अमोर और मेक्सिको ने एंजेलेस डे ला कैले रिलीज़ किया। इन टेलीनोवेला को हफ़्ते में एक बार दिखाया जाता था। वर्ष 1957 और 1958 के बीच, मेक्सिको ने अपना पहला ड्रामा सीरियल सेन्डा प्रोहिबिडा बनाया, जो आधुनिक टेलीनोवेला प्रारूप (सोमवार से शुक्रवार) में था। पहला वैश्विक टेलीनोवेला ए एस्क्रावा इसाउरा वर्ष 1976 में ब्राज़ील में बनाया गया था। इसे रूस, चीन, संयुक्त राज्य अमेरिका और दूसरे देशों में भेजा गया था।

कम खर्च में और साधारण सेटों पर निर्मित टेलीनोवेला के तीन-चार एपिसोड स्टूडियो रोज़ाना तैयार कर देते थे। अभिनेता रेडियो ईयरपीस पहनते थे, जिनसे उन्हें संवाद की पंक्तियाँ और मंच-निर्देश मिलते थे। 1970 के दशक तक लैटिन अमेरिका में टेलीनोवेला इतने लोकप्रिय हो गए थे कि उन्होंने अमेरिका से आयात किए गए कार्यक्रमों को लगभग पूरी तरह से हटा दिया था।

इन्हें भी देखें

[संपादित करें]

सन्दर्भ

[संपादित करें]
  1. ↑ "The Power of the Telenovela" [टेलिनोवेला की ताकत]. पीबीएस न्यूज़ आवर (अंग्रेज़ी भाषा में). अभिगमन तिथि: 31 अगस्त 2026.
  2. ↑ जॉन, हेक्ट. "Telenovela market" [टेलीनोवेला बाज़ार]. द हॉलीवुड रिपोर्टर (अंग्रेज़ी भाषा में). अभिगमन तिथि: 31 अगस्त 2026.
  3. ↑ हेक्टर, बेसेरा. "A not-so-fond farewell to 'Sábado Gigante,' a corny, buffoonish show" [‘साबादो जिगांते’ को बिना किसी खास लगाव के विदाई—एक ऐसा शो जो बनावटी और मज़ाकिया हरकतों से भरा था।]. लॉस एंजिल्स टाइम्स (अंग्रेज़ी भाषा में). अभिगमन तिथि: 31 अगस्त 2026.

बाहरी कड़ियाँ

[संपादित करें]