दनाकिल डिप्रेसन

मुक्त ज्ञानकोश विकिपीडिया से
Hot Red Lava
दनाकिल डिप्रेसन में मौज़ूद सक्रिय ज्वालामुखी "इरता अले" में उबलता गर्म लावा
Ayalu mountains
अयालु ज्वालामुखी एक पुराना ज्वालामुखी है जो इस द्रोणी का सबसे पश्चिमी ज्वालामुखी है।

दनाकिल डिप्रेसन अथवा डैनाकिल डिप्रेसन (Danakil Depression; डॅनाकिल[1]) इथियोपिया में स्थित अफ़ार द्रोणी का उत्तरी हिस्सा है। भूआकृतिक दृष्टि से यह लगभग मैदानी हिस्सा है और भूवैज्ञानिक दृष्टि से अवतलित भूमि है जहाँ भ्रंशन, निमज्जन और उत्थान के क्रम, और ज्वालामुखी क्रियाओं से निर्मित स्थलरूप मिलते हैं। अफ़ार द्रोणी अथवा अफ़ार त्रिभुज, जिसका यह उत्तरी भाग है, तीन टेक्टॉनिक प्लेटों का मिलन बिंदु है जहाँ से अफ़्रीकी प्लेट, अरब प्लेट और भारतीय प्लेट वर्तमान में एक दूसरे से दूर खिसक रही हैं। कम ऊँचाई और शुष्क जलवायु वाला यह इलाका एक अंतरवर्ती प्रवाह वाला क्षेत्र भी है।

दनाकिल और इसके आसपास के भूभाग को दनाकिल रेगिस्तान कहा जाता है और इसकी पूर्वी सीमा पर मौज़ूद पहाड़ों को दनाकिल आल्प्स के नाम से जानते हैं। दनाकिल रेगिस्तान में रहने वाले जनजातीय लोगों को दनाकिल लोग कहते हैं।

दनाकिल डिप्रेसन कई कारणों से प्रसिद्ध है जिनमें से इसे धरती की सबसे निचाई वाली भूमि (समुद्र तल से), सालाना औसत के आधार पर सबसे गर्म भूभाग और यहाँ मौज़ूद गर्म ज्वालामुखीय झीलों के तेज़ाबी पानी के कारण "नरक का दरवाज़ा" के रूप में भी इसे जाना जाता है।[2][3] साथ ही यहाँ पाए गए प्राचीन जीवाश्मों के कारण कुछ विद्वान इसे सभ्यता का उत्पत्तिस्थल भी मानते हैं।

भूविज्ञान[संपादित करें]

Map of East Africa Showing Plates
पूर्वी अफ़्रीका की प्लेट विवर्तनिकी

दनाकिल डिप्रेसन तीन टेक्टॉनिक प्लेटों का मिलन बिंदु है - अफ़्रीकी प्लेट, अरब प्लेट और भारतीय प्लेट, और प्लेट त्रिसंधि (प्लेट-रिफ़्ट ट्रिपल-जंक्शन) के रूप में देखा जाता है और अफ़ार त्रिसंधि के नाम से जाना जाता है।[4][5] प्लेटों के उपविभाजन के आधार पर देखें तो इस द्रोणी के पश्चिमी हिस्से में अफ़्रीकी प्लेट का वह हिस्सा है जिसे नूबियाई प्लेट के नाम से जाना जाता, एशियाई प्लेट का वह हिस्सा जिसे अरब प्लेट के नाम से जाना जाता इसके उत्तर पूर्वी भाग में है और पूर्व और दक्षिण पूर्व में भारतीय ऑस्ट्रेलियाई प्लेट का उपविभाग पूर्वी अफ़्रीकी या सोमालियाई प्लेट है। चूँकि, यहाँ से ये प्लेटें एक दूसरे से दूर खिसक रही हैं यह एक सक्रिय प्लेट सीमा है और यहाँ निमज्जन, भ्रंशन और ज्वालामुखी की घटनाएँ देखने को मिलती हैं। ज़मीनी सतह के समुद्री जल में डूब जाने और पुनः उत्थान द्वारा बाहर आने के परिणामस्वरुप यहाँ बलुआ पत्थर और चूनापत्थर जैसी चट्टान संरचनायें मिलती हैं जो सतत रूप से पाये जाने वाले ज्वालामुखीय बेसाल्ट की चट्टानों के ऊपर हैं।[6]

अवस्थिति[संपादित करें]

Map showing Danakil desert in green
दनाकिल मरुस्थल का मानचित्र जिसका भाग दनाकिल डिप्रेसन है।

दनाकिल डिप्रेसन एक बड़ा मैदान है जो लगभग 200 x 50 कि॰मी॰ (124 x 31 मील) भूमि पर विस्तृत है। इसकी अवस्थिति इरीट्रिया की सीमा के पास, इथियोपिया के उत्तरी हिस्से में हैं। यह इलाका समुद्र ताल से तकरीबन 125 मी॰ (410 फीट) नीचे है जिसके पश्चिम में इथियोपियाई पठार और पूर्व में दनाकिल आल्प्स के पहाड़ हैं जिनके और आगे पूर्व में लाल सागर स्थित है।[7]

विवरण[संपादित करें]

दनाकिल डिप्रेसन में मौज़ूद गर्म जलस्रोत अत्यंत विषम परिस्थितियों में जीवित रहने वाले (एक्सट्रीमोफाइल) माइक्रोब्स के अध्ययन हेतु एक बेहतरीन मौक़ा उपलब्ध कराते हैं।[5]

दनाकिल डिप्रेसन दुनिया का सबसे गर्म इलाका है, जहाँ तक वर्ष पर्य्यन्त के औसत तापमान की बात की जाए।[8] साथ ही यह दुनिया के सबसे निचले इलाकों में से भी एक है (100 मीटर नीचे[9]), और वर्ष में बहुत ही कम वर्षा प्राप्त करने के कारण एक शुष्क क्षेत्र भी है। यहाँ बहने वाली प्रमुख नदी अवाश नदी है जो नमकीन पानी की झीलों की लड़ी के रूप में सूख जाती है, जैसे अफ़्रीरा झील, और हिंद महासागर तक नहीं पहुँचने पाती।[10]

यहाँ के दक्षिणी छोर पर स्थित दो प्रमुख ज्वालामुखियों में माउंट अयालु सबसे पश्चिम में स्थित है और पुराना भी है। दूसरा ज्वालामुखी इरता अले है जो एक सक्रिय ज्वालामुखी है और इसके ऊपर कई क्रेटर झीलें हैं जिनमें उबलता हुआ लावा मौजूद है। इसी इलाके में डालोल नामक जलस्रोत भी है जिससे गंधक के साथ मिला गर्म पानी बाहर आता है। साथ ही अन्य कई झीलें और क्रेटर हैं जिनसे गर्म पानी बाहर आता है। यहाँ पिघला लावा, बुलबुले छोड़ती कीचड़ वाली झीलें, और जलस्रोत, सभी विलक्षण रंग-बिरंगे दृश्य प्रस्तुत करते हैं।[11]

यह इलाका ऐसा नहीं कि यहाँ मानव निवास करें लेकिन आसपास के इलाकों में विषम परिस्थितियों में भी अफ़ार और दनाकिल[12] लोग रहते हैं और यहाँ से प्राप्त होने वाले खनिजों और नमक का खनन करते हैं। सबसे नजदीकी क़स्बा मेकेले है जहाँ यहाँ से प्राप्त खनिजों को बेचा जाता है।

दनाकिल डिप्रेसन अनुसन्धान के लिए काफ़ी महत्वपूर्ण है। इन नम इलाकों में इस बात पर अनुसन्धान ज़ारी है कि कैसे समुद्रों में अजीवजनन आरंभ हुआ होगा और इस अध्ययन का खगोलिकीय जीवोत्पत्ति को समझने में कैसे इस्तेमाल किया जा सकता है।[5][9] यहाँ उपस्थित बहुत किस्मों के सूक्ष्मजीव जो आत्यंतिक पर्यावरणीय दशाओं में जीवित हैं, खगोलजीवविज्ञान के अध्ययनकर्ताओं की रुचि का विषय हैं।[5][9] हालाँकि, अक्टूबर 2019 में वैज्ञानिकों की टीम ने यह भी सूचित किया कि यहाँ की गर्म और तेज़ाबी क्रेटर झीलों में कोई ऐसे सूक्ष्मजीव नहीं मिलें, यहाँ तक कि आर्काइया भी जिनके मिलने की उमीद की गयी थी।[13][14]

गरम चश्मे[संपादित करें]

वैज्ञानिकों और पर्यटकों का एक प्रमुख आकर्षण यहाँ पाए जाने वाले गर्म जलस्रोत भी हैं[15] जिसका प्रमुख कारण इनके द्वारा निर्मित रंग-बिरंगी दृश्यावली है; उदाहरण के लिए पीली झील एक ऐसी ही झील है।[16]

पुरातत्व[संपादित करें]

इस इलाके का पुरातात्विक दृष्टि से भी महत्व है। इसे कुछ लोग "मानव सभ्यता का पालना" (अर्थात उत्पत्ति भूमि) भी मानते हैं; 1974 में डोनाल्ड जॉनसन और उनके साथियों ने प्रसिद्ध ऑस्ट्रालोपिथिकस जीवाश्म लूसी की खोज की जिसे 32 लाख वर्ष पुराना परिगणित किया गया[17] और साथ ही यहाँ से अन्य कई ऐसे जीवाश्म भी मिले हैं जिनके आधार पर कुछ विद्वान इस इलाके को मानव की उत्पत्ति का इलाका मानते हैं।[18][19]

इन्हें भी देखें[संपादित करें]

सन्दर्भ[संपादित करें]

  1. अंग्रेजी उच्चारण Archived 2020-01-26 at the वेबैक मशीन देखें और सुनें. लेक्सिको डॉट कॉम पर।
  2. "ये है दुनिया में 'जहन्नुम का दरवाज़ा'". बीबीसी.कॉम. बीबीसी हिंदी. 22 अगस्त 2017. मूल से 27 फ़रवरी 2018 को पुरालेखित. अभिगमन तिथि 26 जनवरी 2020.
  3. "फोर डेडलिएस्ट एवर प्लेसेस ऑफ़ दि वल्ड वन मस्ट अवॉइड विजिटिंग (नवभारत टाइम्स फोटोगैलरी)" [दुनिया कि सबसे ख़तरनाक चार जगहें जहाँ किसी को जाने से बचना चाहिये]. navbharattimes.indiatimes.com. नवभारत टाइम्स. अभिगमन तिथि 26 जनवरी 2020.
  4. बायनी, अलबाचेव & अब्दस्सलाम, मोहम्मद जी. (2005). "टेक्टॉनिक्स ऑफ़ दि अफ़ार डिप्रेसन: अ रिव्यू एंड सिंथेसिस" [अफ़ार डिप्रेसन का टेक्टॉनिक्स: एक समीक्षा एवं संश्लेषण]. जर्नल ऑफ़ अफ़्रीकन अर्थ साइंसेज (अंग्रेज़ी में). 41 (1–2): 41–59. डीओआइ:10.1016/j.jafrearsci.2005.03.003.
  5. यी, एमी (30 जनवरी 2017). "गेज़िंग इनटू दनाकिल डिप्रेसंस मिरर, एंड सीइंग मार्स स्टेयरिंग बैक" [दनाकिल डिप्रेसन के आइने में झाँकना और सामने मंगल ग्रह को पलट कर देखते हुए पाना]. न्यू यॉर्क टाइम्स (अंग्रेज़ी में). मूल से 31 जनवरी 2017 को पुरालेखित. अभिगमन तिथि 31 जनवरी 2017.
  6. श्लूटर, थॉमस (2008). जियोलॉजिकल एटलस ऑफ़ अफ़्रीका: विद नोट्स ऑन स्ट्रेटीग्राफी, टेक्टॉनिक्स, इकोनॉमिक जियोलॉजी, जियोहैज़र्ड्स, जियोसाइट्स एंड जियोसाइंटिफिक एजुकेशन ऑफ़ ईच कंट्री [अफ़्रीका का भूवैज्ञानिक एटलस: प्रत्येक देश के शैलस्तरिकी, टेक्टॉनिक्स, आर्थिक भूविज्ञान, भूआपदाओं, भूस्थलों और भूवैज्ञानिक शिक्षा पर टिप्पणियों के साथ] (अंग्रेज़ी में). स्प्रिंज़र साइंस & बिजनेस मीडिया. पपृ॰ 88–89. आई॰ऍस॰बी॰ऍन॰ 978-3-540-76373-4. मूल से 3 अगस्त 2017 को पुरालेखित. अभिगमन तिथि 26 जनवरी 2020.
  7. मेल्विन, जे. एल. (1991). इवैपोराइट्स, पेट्रोलियम एंड मिनरल रिसोर्सेज [इवैपोराइट्स, पेट्रोलियम एवं खनिज संसाधन] (अंग्रेज़ी में). एल्सेवियर. पपृ॰ 44–45. आई॰ऍस॰बी॰ऍन॰ 978-0-08-086964-3. मूल से 14 दिसंबर 2019 को पुरालेखित. अभिगमन तिथि 26 जनवरी 2020.
  8. विवियन कमिंग. "कहां हैं दुनिया की सबसे गर्म जगह?". bbc.com/hindi. बीबीसी हिंदी. मूल से 26 अक्तूबर 2017 को पुरालेखित. अभिगमन तिथि 26 जनवरी 2020.
  9. "हाइड्रोथर्मल सिस्टम्स शो स्पेक्ट्रम ऑफ़ एक्स्ट्रीम लाइफ़ ऑन अर्थ" [पृथ्वी पर आत्यंतिक जीवन वर्णक्रम दिखाते हाइड्रोथर्मल तंत्र]. यूरोप्लैनेट (अंग्रेज़ी में). एस्ट्रोबायलॉजी लैब. 26 अप्रैल 2016. अभिगमन तिथि 1 मई 2016.
  10. "अफ्रिकास़ डैनाकिल डेज़र्ट" [अफ़्रीका का दनाकिल रेगिस्तान]. ngm.nationalgeographic.com (अंग्रेज़ी में). नेशनल ज्याॅग्रफिक. मूल से 21 जून 2017 को पुरालेखित. अभिगमन तिथि 10 दिसम्बर 2013.
  11. "क्यूरियौसिटीज ऑफ़ दि डैनाकिल डिप्रेसन" [दनाकिल डिप्रेसन की उत्सुकताजनक चीजें] (अंग्रेज़ी में). Earthobservatory.nasa.gov. मूल से 5 जुलाई 2019 को पुरालेखित. अभिगमन तिथि 26 जनवरी 2020.
  12. "अभिनव मराठी ज्ञानकोश - गूगल पुस्तक". Books.google.co.in. अभिगमन तिथि 26 जनवरी 2020.
  13. बेलिटा, जोडी एवं अन्य (28 अक्टूबर 2019). "हाइपरडाइवर्स आर्काइया नियर लाइफ़ लिमिट्स एट दि पॉलीएक्सट्रीम जियोथर्मल डालोल एरिया" [पॉलीएक्सट्रीम भूतापीय इलाके डालोल में जीवन के अंतिम छोरों पर मौजूद हाइपरडाइवर्स आर्काइया]. नेचर इकोलॉजी एंड इवोल्यूशन (अंग्रेज़ी में). 3 (11): 1552–1561. PMID 31666740. डीओआइ:10.1038/s41559-019-1005-0.
  14. एंड्रूज, रॉबिन जार्ज (1 नवम्बर 2019). "दे डोंट फाइंड लाइफ़ इन अ होपलेस प्लेस" [आशाहीन जगह पर उन्हें नहीं मिला जीवन]. दि न्यू यॉर्क टाइम्स (अंग्रेज़ी में). मूल से 4 नवंबर 2019 को पुरालेखित. अभिगमन तिथि 4 नवम्बर 2019.
  15. कोटोपाउलो, इलेक्ट्रा; ह्यूअरटैस, एंटोनियो डेलगाडो; गार्सिया-रुइज़, जुआन मानुएल; डोमिंगुएज-वेरा, जोश एम; लोपेज-गार्सिया, जोस मारिया; गुएरा-शुश्के, इजाबेला; रल, फर्नांडो (6 दिसम्बर 2018). "अ पौली-एक्स्ट्रीम हाइड्रोथर्मल सिस्टम कंट्रोल्ड बाई आयरन: दि केस ऑफ़ डालोल एट दि आफ़ार ट्रैंगल" [लौह नियंत्रित एक पौली-एक्स्ट्रीम हाइड्रोथर्मल तंत्र: आफ़ार त्रिभुज में डालोल का एक केस]. एसीएस अर्थ एंड स्पेस केमेस्ट्री (अंग्रेज़ी में). 3 (1): 90–99. PMID 30801049. डीओआइ:10.1021/acsearthspacechem.8b00141. पी॰एम॰सी॰ 6380227.
  16. "येलो लेक इस लोकेटेड इन दि डैनाकिल डिप्रेसन" [डैनाकिल डिप्रेसन में अवस्थित है पीली झील]. इंडिपेंडेंट ट्रेवेलर्स (अंग्रेज़ी में). independent-travellers.com. मूल से 29 मार्च 2017 को पुरालेखित. अभिगमन तिथि 13 जून 2017.
  17. जॉनसन, डोनाल्ड सी.; ब्लेक, एडगर (1996). फ़्राम लूसी टू लैंगुएज [लूसी से भाषा तक] (अंग्रेज़ी में). साइमन एंड शुस्टर. पृ॰ 119. आई॰ऍस॰बी॰ऍन॰ 9780684810232.
  18. कमिंग, विवियन (15 जून 2016). "अर्थ - दिस एलियन वल्ड इस हॉटेस्ट प्लेस ऑन अर्थ" [पृथ्वी - यह एलियन दुनिया धरती पर सबसे गर्म जगह है] (अंग्रेज़ी में). बीबीसी. मूल से 3 अक्तूबर 2019 को पुरालेखित. अभिगमन तिथि 26 जनवरी 2020.
  19. "दिस अर्थरियल लैंडस्केप इस दि हॉटेस्ट प्लेस ऑन दि अर्थ" [यह अर्थरियल भूदृश्य पृथ्वी पर सबसे गर्म स्थान है] (अंग्रेज़ी में). Theculturetrip.com. मूल से 5 जून 2018 को पुरालेखित. अभिगमन तिथि 26 जनवरी 2020.

बाहरी कड़ियाँ[संपादित करें]

  • Danakil Depression – बीबीसी प्लैनेट अर्थ पर वीडियो क्लिप (English में)

निर्देशांक: 14°14′30″N 40°18′00″E / 14.2417°N 40.3°E / 14.2417; 40.3