बाञ्जुल
|
|
|
|
| राजनैतिक | |
|---|---|
| - देश | गाम्बिया |
| - विभाग | बांजुल |
| - महापौर | सांबा फ़ॉल[1] |
| - स्थापना | १८१६ |
| भौगोलिक (क्षेत्रफल) | |
| - नगर | ९३ किमी² |
| - ऊँचाई | ३६ मीटर |
| जनसांख्यिकी (२००३) | |
| - नगर | ३४,८२८ |
| - घनत्व | ३७४.५/किमी² |
| - नगरीय-क्षेत्र | ३,५७,२३८ |
| अतिरिक्त सूचना | |
| समय क्षेत्र | यूटीसी[2] |
| अक्षांश देशान्तर |
१३°२७′११″उ १६°३४′३९″प |
बांजुल (भूतपूर्व बाथर्स्ट), जिसका आधिकारिक नाम बांजुल नगर है, अफ़्रीका महाद्वीप के गाम्बिया की राजधानी, जो उसी नाम के विभाग में स्थित है। बांजुल नगर की जनसंख्या मात्र ३४,८२८ है जबकि वृहदतर बांजुल क्षेत्र, जिसमें बांजुल नगर और कानिफ़िंग नगरपालिका परिषद सम्मिलित हैं, की जनसंख्या ३,५७,२३८ (२००३ की जनगणना अनुसार) है।[3] यह नगर सेंट मैरी द्वीप (जिसे बांजुल द्वीप भी कहते हैं) पर स्थित है। यहीं पर गाम्बिया नदी, अंध महासागर में मिलती है। यह द्वीप मुख्यभूमि से उत्तर की ओर यात्री और वाहन नौकाओं से और दक्षिण की ओर पुल से जुड़ा हुआ है।
वर्तमान गाम्बिया राष्ट्र कभी घाना साम्राज्य और सोंघाई साम्राज्य का भाग हुआ करता था। इस क्षेत्र के संबंध में उपलब्ध प्रथम लिखित प्रमाण ९वीं और १०वीं शताब्दियों में अरब व्यापारियों के लिखे मिलते हैं। अरब व्यापारियों ने इस क्षेत्र में दासों, सोने, और हाथी-दाँत के व्यापार के लिए ट्रांस-सहारा व्यापार मार्ग की स्थापना की थी। १५वीं शताब्दी में पुर्तगालियो ने समुद्री व्यापार मार्गों की स्थापना की। उस समय गाम्बिया, माली साम्राज्य का भाग था।[4] सन १८१६ में अंग्रेज़ों ने बाजुंल की स्थापना एक व्यापार-गाह के रूप में और दास व्यापार को कुचलने के लिए की थी। इसका सर्वप्रथम नामकरण ब्रितानी औपनिवेशिक कार्यालय के सचिव हेनरी बाथर्स्ट के नाम पर बाथर्स्ट हुआ था, लेकिन १९७३ में इसका नाम बांजुल रख दिया गया।[5] २२ जुलाई, १९९४ को बाजुंल में रक्तहीन सैन्य विद्रोह घटित हुआ था जिसमें तत्कालीन राष्ट्रपति दाव्डा जावारा को अपदस्थ कर दिया गया और उनके स्थान पर देश के वर्तमान राष्ट्रपति याह्या जाम्मे सत्तारूढ़ हुए। उस घटना की स्मृति स्वरूप, आर्क २२ को नगर के प्रवेशद्वार के रूप में बनाया गया। यह द्वार ३५ मीटर ऊँचा है और इसके बीच में एक वर्गाकार छिद्र है। इसमें एक वस्त्र संग्रहालय भी है। आर्क-२२ के अलावा नगर के अन्य दर्शनीय आकर्षणों में गाम्बियाई राष्ट्रीय संग्रहालय, अल्बर्ट बाज़ार, बांजुल राजकीय आवास, बांजुल न्यायालय आवास, दो गिरिजाघर और बहुत सी मस्जिदें हैं।[6]
बांजुल देश का आर्थिक और प्रशासनिक केन्द्र है और देश का प्रमुख बैंक गाम्बिया केन्द्रीय बैंक भी यहीं स्थित है। मूँगफली प्रक्रमण (प्रोसेसिंग) देश का प्रमुख उद्योग है, लेकिन मधु-मोम, ताड़ की लकड़ी, ताड़ का तेल, और खालों इत्यादि का भी बांजुल बंदरगाह से निर्यात किया जाता है।[7] बांजुल और बारा नगरों के बीच नौकाएं चलती हैं। बांजुल अंतर्राष्ट्रीय विमानक्षेत्र इस नगर को वायु-सेवाओं द्वारा बाहरी विश्व से जोड़ता है। बांजुल शहर ट्रांस-पश्विम अफ़्रीकी तटीय महामार्ग पर स्थित है जो इसे डकार और बिसाउ से जोड़ता है, और जो अंततः इकोवास (ECOWAS) के ११ अन्य देशों के लिए पक्का महामार्ग उपलब्ध कराएगा।
बांजुल विभाग (वृहदतर बांजुल क्षेत्र) दो जिलों में विभाजित है:
- बांजुल
- कानिफ़िंग
गाम्बिया में ब्रिटिश उपनिवेशवाद के चलते अंग्रेज़ी भाषा का काफी प्रचलन है और यही गाम्बिया की आधिकारिक भाषा बनी है। इसके अतिरिक्त यहाँ बहुत-सी अन्य भाषाएँ भी मूल निवासियों द्वारा बोली जाती हैं जैसे: आकू, कैंजिन भाषाएँ, फूला, कारोन, वोलोफ़ इत्यादि।
बान्जुल शहर के विश्व में चार भगिनी नगर घोषित हैं:
ओस्टेन्ड, बेल्जियम
ग्रिम्सबी, संयुक्त राजशाही
ताइपे, ताइवान
नेवार्क, न्यूजर्सी, संयुक्त राज्य अमेरिका
बांजुल नगर में वर्षभर मौसम गर्म रहता है। शहर के वर्षपर्यन्त मौसम का अनुमान इस सारणी द्वारा मिलता है:
| महीने | जन | फर | मार्च | अप्रैल | मई | जून | जुलाई | अग | सितं | अक्तू | नवं | दिसं | वर्ष |
|---|---|---|---|---|---|---|---|---|---|---|---|---|---|
| उच्चमान°C (°F) | 37 (99) |
39 (102) |
40 (104) |
41 (106) |
41 (106) |
38 (100) |
34 (93) |
33 (91) |
34 (93) |
37 (99) |
36 (97) |
36 (97) |
41 (106) |
| औसत उच्च°C (°F) | 31 (88) |
32 (90) |
34 (93) |
33 (91) |
32 (90) |
32 (90) |
30 (86) |
29 (84) |
31 (88) |
32 (90) |
32 (90) |
31 (88) |
32 (90) |
| औसत निम्न °C (°F) | 15 (59) |
16 (61) |
17 (63) |
18 (64) |
19 (66) |
23 (73) |
23 (73) |
23 (73) |
23 (73) |
22 (72) |
18 (64) |
16 (61) |
19 (66) |
| निम्नमान °C (°F) | 7 (45) |
10 (50) |
12 (54) |
12 (54) |
14 (57) |
18 (64) |
21 (70) |
20 (68) |
17 (63) |
16 (61) |
12 (54) |
9 (48) |
7 (45) |
| वर्षा mm (इंच) | 3 (0.12) |
3 (0.12) |
0 (0) |
0 (0) |
10 (0.39) |
58 (2.28) |
282 (11.1) |
500 (19.69) |
310 (12.2) |
109 (4.29) |
18 (0.71) |
3 (0.12) |
1,296 (51.02) |
| स्रोत: बीबीसी मौसम [8] १६-०८-२००९ | |||||||||||||
चित्र दीर्घा
सन्दर्भ
- ↑ बांजुल नगर परिषद
- ↑ बांजुल में वर्तमान स्थानीय समय
- ↑ गाम्बिया के विभाग
- ↑ यात्रा सलाह पर गाम्बिया राष्ट्र
- ↑ बांजुल का इतिहास
- ↑ बांजुल यात्रा सूचना (बहुभाषीय)
- ↑ राज्य सूचना विभाग
- ↑ "औसल स्थिति बांजुल, गाम्बिया". बीबीसी मौसम. http://www.bbc.co.uk/weather/world/city_guides/results.shtml?tt=TT000230. अभिगमन तिथि: १६ अगस्त, २००९.
बाहरी कड़ियाँ
| विकिमीडिया कॉमन्स पर बांजुल से सम्बन्धित मीडिया है। |
|
||||||||||