कुम्भ तारामंडल
कुम्भ या अक्वेरियस (अंग्रेज़ी: Aquarius) तारामंडल राशिचक्र का एक तारामंडल है। पुरानी खगोलशास्त्रिय पुस्तकों में इसे अक्सर एक भिश्ती के रूप में, एक बासन के रूप में या एक बासन उठाती हुई कन्या के रूप में दर्शाया जाता था। आकाश में इसके पश्चिम में मकर तारामंडल होता है और इसके पूर्व में मीन तारामंडल। दूसरी शताब्दी ईसवी में टॉलमी ने जिन ४८ तारामंडलों की सूची बनाई थी यह उनमें से एक है और अंतर्राष्ट्रीय खगोलीय संघ द्वारा जारी की गई ८८ तारामंडलों की सूची में भी यह शामिल है।
तारे [संपादित करें]
कुम्भ तारामंडल में २२ मुख्य तारे हैं, हालांकि वैसे इसमें ९७ ज्ञात तारे स्थित हैं जिनको बायर नाम दिए जा चुके हैं। वैज्ञानिकों को सन् २०१० तक इनमें से ८ तारों के इर्द-गिर्द ग्रह परिक्रमा करते हुए पा लिए थे। इन ग़ैर-सौरीय ग्रहों वाले तारों में यह भी शामिल हैं -
- गलीज़ ८७६ - यह पहला लाल बौना तारा था जिसके इर्द-गिर्द एक ग्रहीय मंडल मिला था। इसके मंडल में ४ ज्ञात ग्रह हैं, जिनमे से एक पृथ्वी जैसा (लेकिन पृथ्वी से ६.६ बड़ा) भूमीय ग्रह है (यानि गैस दानव नहीं है)।
- ९१ अक्वेरियाई - यह एक नारंगी दानव तारा है जिसके इर्द-गिर्द एक बृहस्पति से २.९ गुना बड़ा ग्रह परिक्रमा कर रहा है।
- गलीज़ ८४९ - जिसके इर्द-गिर्द एक बृहस्पति से ०.८२ गुना द्रव्यमान (मास) वाला ग्रह परिक्रमा कर रहा है।
इस तारामंडल में बहुत सी मॅसिये वस्तुएँ भी हैं।