अराफुरा सागर
अराफुरा सागर, प्रशांत महासागर के पश्चिम में स्थित है और यह ऑस्ट्रेलिया और नया गिनी के बीच के महाद्वीपीय शेल्फ पर आच्छादित है।
भूगोल [संपादित करें]
अराफुरा सागर, के पूर्व में टॉरेस जलडमरूमध्य और कोरल सागर, दक्षिण में कारपेंटरिया की खाड़ी, पश्चिम में तिमोर सागर और उत्तर पश्चिम में बांदा सागर और सेरम सागर स्थित हैं। इसकी लम्बाई 1290 किलोमीटर (800 मील) और चौड़ाई 560 किलोमीटर (350 मील) है। इस समुद्र की गहराई 50-80 मीटर के बीच है और यह पश्चिम की ओर जाने पर बढ़ती है। यह एक उथला उष्णकटिबंधीय समुद्र है, और बहुत से उष्णकटिबंधीय चक्रवातों का उद्गम स्थल है।
यह समुद्र अराफुरा शेल्फ, और साहुल शेल्फ के कुछ भाग पर आच्छादित है। पिछले हिमयुग के दौरान जब समुद्र का जल स्तर कम था, उस समय मानवों ने अराफुरा शेल्फ, टॉरेस जलडमरूमध्य और कारपेंटरिया की खाड़ी द्वारा निर्मित एक बड़े सपाट भूमि सेतु का प्रयोग नये गिनी से ऑस्ट्रेलिया में प्रवास हेतु किया था। इस संयुक्त भूखंड से साहुल महाद्वीप का गठन हुआ था।